नौकरी करने वाले करोड़ों कर्मचारियों के लिए PF से जुड़ी एक बड़ी सुविधा शुरू की गई है। अब अपना प्रोविडेंट फंड बैलेंस चेक करने, पिछले पांच ट्रांजैक्शन देखने और पासबुक डाउनलोड करने के लिए बार-बार EPFO पोर्टल पर लॉगिन करने की जरूरत नहीं होगी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने WhatsApp के जरिए ये सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। इसके लिए बस एक आधिकारिक नंबर पर ‘Hi’ मैसेज भेजना होगा। हालांकि, शुरुआती दौर में कुछ यूजर्स को तकनीकी परेशानी भी आ रही है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

WhatsApp पर मिलेंगी PF से जुड़ी ये 3 सुविधाएं
EPFO की नई WhatsApp सेवा के जरिए कर्मचारी अपने PF खाते से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसमें मुख्य रूप से तीन सुविधाएं शामिल हैं।
– PF बैलेंस चेक: खाते में कुल कितना पैसा जमा है, इसकी जानकारी मिलेगी।
– पिछले 5 ट्रांजैक्शन: खाते में हुए पिछले पांच लेन-देन की जानकारी देख सकेंगे।
– पासबुक डाउनलोड: अपने PF खाते की पासबुक देख और डाउनलोड कर सकेंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) से जुड़ी जरूरतों के लिए भी व्यक्तिगत मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कैसे चेक करें WhatsApp पर अपना PF बैलेंस?
इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए नीचे दिए गए आसान स्टेप्स फॉलो करें।
स्टेप 1: अपने मोबाइल में EPFO का आधिकारिक WhatsApp नंबर +91 8796441800 सेव करें।
स्टेप 2: WhatsApp खोलकर इस नंबर पर ‘Hi’ लिखकर मैसेज भेजें।
स्टेप 3: चैटबॉट की ओर से भाषा चुनने का विकल्प मिलेगा। अपनी पसंद की भाषा चुनें।
स्टेप 4: अब स्क्रीन पर PF Balance, Last 5 Transactions और Passbook जैसे विकल्प दिखाई देंगे।
स्टेप 5: जिस सुविधा का इस्तेमाल करना चाहते हैं, उसे चुनें और मांगी गई पहचान सत्यापन प्रक्रिया पूरी करें।
स्टेप 6: सत्यापन पूरा होने के बाद आप अपने PF खाते की उपलब्ध जानकारी देख सकेंगे।
मोबाइल नंबर UAN से लिंक होना जरूरी
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए आपका मोबाइल नंबर EPFO रिकॉर्ड में रजिस्टर्ड होना चाहिए और आपके UAN से जुड़ा होना चाहिए। अगर आपका नंबर रजिस्टर्ड नहीं है, तो पहले EPFO के आधिकारिक पोर्टल के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट कराएं। इसके बाद WhatsApp सेवा का इस्तेमाल कर सकते हैं।
नई सेवा में आ रही तकनीकी दिक्कतें
EPFO की WhatsApp सेवा शुरू होने के बाद कुछ यूजर्स ने तकनीकी समस्याओं की शिकायत भी की है। कुछ लोगों को OTP मिलने में परेशानी हुई, जबकि कुछ यूजर्स को बैलेंस या पासबुक का विकल्प चुनने पर एरर मैसेज दिखाई दिया।
ऐसी स्थिति में कुछ समय बाद दोबारा कोशिश की जा सकती है। फिलहाल PF बैलेंस और पासबुक देखने के लिए EPFO पोर्टल और UMANG ऐप का विकल्प भी मौजूद है।
ठगी से बचें, सिर्फ आधिकारिक नंबर पर करें मैसेज
PF खाते में आपकी निजी और वित्तीय जानकारी होती है। इसलिए WhatsApp पर केवल EPFO के आधिकारिक वेरिफाइड नंबर +91 8796441800 से ही संपर्क करें। किसी अनजान नंबर पर अपना OTP, पासवर्ड या बैंक से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा न करें।

