नवंबर में दिल्ली का भारत मंडपम एक बार फिर देश-दुनिया के कारोबार और संस्कृति का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2026 में इस बार खरीदारी, खानपान और अलग-अलग राज्यों की झलक देखने को मिलेगी। लेकिन मेले में जाने वाले लोगों के लिए टिकट की कीमतों में बदलाव किया गया है। खासकर वीकेंड पर परिवार के साथ घूमने का प्लान बना रहे लोगों को पहले से ज्यादा खर्च करना होगा। कब से शुरू होगी आम लोगों की एंट्री और क्या हैं नए नियम? आगे पढ़ें पूरी खबर।

दो चरणों में आयोजित होगा ट्रेड फेयर
भारत मंडपम में 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का आयोजन 13 से 27 नवंबर तक किया जाएगा। 13 नवंबर को उद्घाटन समारोह होगा। इसके बाद 14 से 18 नवंबर तक बिजनेस विजिटर्स के लिए मेले के दरवाजे खुलेंगे। आम लोगों को 19 नवंबर से 27 नवंबर तक ट्रेड फेयर घूमने का मौका मिलेगा।
वीकेंड पर दोगुना होगा वयस्कों का टिकट
इस बार टिकट की नई दरें जारी की गई हैं। सामान्य दिनों में वयस्कों को 100 रुपये और बच्चों को 50 रुपये का टिकट लेना होगा। वहीं शनिवार और रविवार को वयस्कों के लिए टिकट 200 रुपये तथा बच्चों के लिए 100 रुपये रखा गया है। बिजनेस डे के दौरान प्रवेश के लिए 500 रुपये का टिकट निर्धारित किया गया है।
पहले कितनी थी टिकट की कीमत?
पिछले आयोजन में सामान्य दिनों के दौरान वयस्कों का टिकट 80 रुपये और वीकेंड पर 150 रुपये था। बच्चों के लिए सामान्य दिनों में 40 रुपये और वीकेंड पर 60 रुपये देने पड़ते थे। अब नई दरों के लागू होने से मेले में घूमने का बजट भी बढ़ जाएगा।
टिकट की कीमतों में बदलाव की वजह क्या है?
इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) के अनुसार, टिकट की कीमतों में बदलाव का उद्देश्य कमाई बढ़ाना नहीं, बल्कि दरों को राउंड फिगर में रखना है। करीब चार साल बाद टिकट की कीमतों में संशोधन किया गया है।
‘विकास और विरासत’ होगी इस बार की खास थीम
इस साल ट्रेड फेयर की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। इसके जरिए भारत की आर्थिक तरक्की, पारंपरिक कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और विभिन्न राज्यों के उत्पादों को एक मंच पर पेश किया जाएगा। मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से कारोबारी और प्रदर्शक हिस्सा लेंगे।
मेट्रो से पहुंचना रहेगा आसान
भारत मंडपम पहुंचने के लिए मेट्रो एक सुविधाजनक विकल्प है। यहां का नजदीकी मेट्रो स्टेशन सुप्रीम कोर्ट है, जो ब्लू लाइन पर स्थित है। टिकट बुकिंग के लिए ITPO की आधिकारिक वेबसाइट और उपलब्ध ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म की जानकारी देखी जा सकती है।

