अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन DC में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब लॉगन सर्कल इलाके में अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। व्हाइट हाउस से करीब एक मील दूर हुई इस घटना में पांच लोगों को गोलियां लगीं। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और आसपास के स्कूलों में भी सुरक्षा के मद्देनजर लॉकडाउन लगाना पड़ा। आगे पढ़ें पूरी खबर।

VIDA Fitness जिम में हुई पहली फायरिंग
12 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे लॉगन सर्कल स्थित VIDA Fitness जिम में गोलीबारी की शुरुआत हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमलावर ने जिम के अंदर एक शख्स को निशाना बनाया और इसके बाद आसपास के इलाके में भी गोलियां चलाईं।
पुलिस के अनुसार इस पूरी घटना में पांच लोग गोली लगने से घायल हुए। इनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार अन्य को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई गई।
पुलिस ने इमारत को घेरा तो सातवीं मंजिल पर मिला संदिग्ध
वारदात के बाद संदिग्ध पास की एक रिहायशी इमारत में पहुंचकर सातवीं मंजिल पर छिप गया। सूचना मिलते ही पुलिस और SWAT की टीमें मौके पर पहुंचीं और इमारत को चारों तरफ से घेर लिया।
पुलिस ने संदिग्ध से बातचीत शुरू की। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान अपार्टमेंट के अंदर से पुलिस की ओर भी फायरिंग की गई। इसके बाद अंदर से एक और गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
अपार्टमेंट के अंदर मृत मिला हमलावर
पुलिस टीम जब अपार्टमेंट के अंदर दाखिल हुई तो संदिग्ध गोली लगने से घायल अवस्था में मिला। अधिकारियों के मुताबिक उसने खुद को गोली मारी थी। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने फिलहाल उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
स्कूलों में लॉकडाउन और सड़कों पर पुलिस का पहरा
गोलीबारी की सूचना के बाद 15वीं स्ट्रीट और आसपास के रास्तों को बंद कर दिया गया। स्थानीय लोगों को घरों के भीतर रहने और खिड़कियों से दूर रहने की सलाह दी गई। आसपास के स्कूलों में भी लॉकडाउन लगाया गया ताकि बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
घटना के दौरान FBI और ATF जैसी संघीय एजेंसियां भी जांच में शामिल रहीं। हालात सामान्य होने के बाद इलाके में लगाया गया शेल्टर इन प्लेस आदेश हटा लिया गया।
HOA विवाद की वजह से हमले का शक
पुलिस की शुरुआती जांच में संदिग्ध और इमारत की होमओनर्स एसोसिएशन यानी HOA के बीच विवाद का मामला सामने आया है। हालांकि इस विवाद का गोलीबारी से क्या संबंध था और हमले के पीछे असली वजह क्या रही इसकी जांच जारी है।

