दिल्ली पुलिस की जांच में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की कथित साजिश का खुलासा हुआ है। पंजाब से जुड़े दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक एक आरोपी को मुंबई में रुककर अभिनेता के घर के बाहर फायरिंग करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इस पूरे मामले के तार विदेश में बैठे गैंगस्टर से जुड़ने की आशंका है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

अलग अलग शहरों से पुलिस ने दबोचे दोनों आरोपी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब के रहने वाले विकास ठाकुर उर्फ विक्की और दीपक सिंह उर्फ दीप को गिरफ्तार किया है। विकास जालंधर का निवासी बताया गया है जबकि दीपक तरनतारन से जुड़ा है। पुलिस ने विकास को दिल्ली और दीपक को मुंबई के ठाणे इलाके से पकड़ा।
जांच के अनुसार विकास मुंबई से दिल्ली पहुंचा था जहां वह एक कारोबारी पर फायरिंग की योजना बना रहा था। इस वारदात के पीछे रंगदारी वसूलने का मकसद होने की आशंका जताई गई है।
मुंबई में अभिनेता के घर के बाहर हमले की तैयारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक दीपक को मुंबई में रुककर एक बड़े फिल्मी सितारे के घर के बाहर गोलीबारी करने का निर्देश मिला था। मीडिया रिपोर्टों में इस अभिनेता की पहचान अमिताभ बच्चन के तौर पर की गई है।
बताया जा रहा है कि साल 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर अभिनेता के पुराने बयान को कथित तौर पर हमले की वजह बनाया गया था। हालांकि इस साजिश और इसके पीछे बताए जा रहे कारणों की जांच अभी जारी है।
मद संधू मर्डर केस में भी वांछित था दीपक
दीपक सिंह का नाम पंजाब के अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मद संधू की हत्या के मामले में भी सामने आया है। यह वारदात 3 अक्टूबर को हुई थी। पुलिस के मुताबिक इस मामले में दीपक का कथित सहयोगी पलविंदर उर्फ काका पहले ही गिरफ्तार हो चुका है जबकि दीपक फरार चल रहा था।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दीपक मुंबई में छिपा हुआ था और उसे वहां रुककर अभिनेता के घर पर हमले की योजना बनाने के लिए कहा गया था।
विदेश में बैठे गैंगस्टर के निर्देश पर काम करने का शक
पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। अब पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उन्हें किसने निर्देश दिए थे और इस साजिश में अन्य कौन लोग शामिल थे।
दिल्ली पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया है। जांच एजेंसियां हथियारों की व्यवस्था और संभावित हमलों की पूरी कड़ी खंगाल रही हैं।

