हरियाणा के फरीदाबाद में एक पिज्जा स्टोर के भीतर हुई मारपीट का मामला सामने आया है। यहां पानी मांगने पहुंचे युवक और स्टोर कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोप है कि युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर मैनेजर की पिटाई कर दी। घटना के दौरान स्टोर में लगे कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। आगे पढ़ें पूरी खबर।

सेक्टर 12 के स्टोर में कैसे शुरू हुआ विवाद
मामला फरीदाबाद के सेक्टर 12 स्थित डोमिनोज पिज्जा स्टोर का है। घटना 2 नवंबर की रात की बताई जा रही है। स्टोर मैनेजर नितेश कुमार की उम्र 22 साल है और वह मूल रूप से आगरा के रहने वाले हैं।
नितेश के अनुसार रात के समय स्टोर में केवल दो कर्मचारी मौजूद थे। बाकी कर्मचारी डिलीवरी के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अजय नाम का युवक स्टोर पर आया और उसने पानी मांगा। मैनेजर का कहना है कि कर्मचारियों की व्यस्तता के चलते उसकी आवाज नहीं सुनाई दी जिससे युवक नाराज हो गया।
कहासुनी के बाद मैनेजर पर किया हमला
नितेश ने आरोप लगाया कि युवक के साथ बातचीत करने के लिए जैसे ही वह बाहर आए तो उसने गाली गलौज शुरू कर दी। इसके बाद युवक ने उन्हें थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। कुछ ही देर में उसके अन्य साथी भी वहां पहुंच गए और मैनेजर के साथ मारपीट करने लगे।
इस दौरान स्टोर में मौजूद कर्मचारियों के बीच भी हड़कंप मच गया। घटना के बाद मैनेजर ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की मौजूदगी में भी मारपीट का दावा
पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। नितेश का कहना है कि उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दी थी लेकिन कई दिन गुजरने के बाद भी FIR दर्ज नहीं की गई।
हालांकि पुलिस की ओर से मामले में शिकायत मिलने और जांच किए जाने की बात कही गई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सेंट्रल थाना प्रभारी सतबीर के मुताबिक डोमिनोज स्टोर के मैनेजर की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस स्टोर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम को समझा जा सके।
पुलिस का कहना है कि विवाद की वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

