जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। कुलगाम में हुई मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को मार गिराया गया। इस कार्रवाई में संगठन का स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी मारा गया है जिस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई के बाद दक्षिण कश्मीर में आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

खुफिया इनपुट के बाद शुरू हुआ तलाशी अभियान
कुलगाम जिले के लारू इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान शुरू किया था। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी ली।
तलाशी अभियान के दौरान छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला और कई घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद दोनों आतंकियों को मार गिराया। उनकी पहचान मोहम्मद लतीफ भट और उमर के रूप में हुई है।
कई आतंकी वारदातों में शामिल होने का आरोप
मारे गए लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ भट पर दक्षिण कश्मीर में कई आतंकी घटनाओं में शामिल होने का आरोप था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार उसका नाम अनंतनाग और कुलगाम में हुई हत्याओं से भी जुड़ा था।
उस पर 22 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक इलाके में एक पुलिसकर्मी की हत्या और 31 जुलाई को कुलगाम में प्रवासी मजदूरों की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया गया था। उसके सिर पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
CRPF जवानों पर हमले के बाद बढ़ी थी तलाश
कुलगाम में सुरक्षाबलों का अभियान 11 नवंबर को अखरान इलाके में CRPF की नाका पार्टी पर हुए हमले के बाद और तेज हुआ था। इस हमले में मोटरसाइकिल सवार आतंकियों ने जवानों पर गोलीबारी की थी जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे।
हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की तलाश में जुटी थीं। आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया और खुफिया सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध ठिकानों की पहचान की गई।
आतंकी नेटवर्क और स्थानीय मददगारों की जांच
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि लतीफ भट विदेशी आतंकियों के संपर्क में था और स्थानीय स्तर पर मददगारों के नेटवर्क के सहारे काम कर रहा था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके संपर्क में कौन कौन लोग थे और आतंकी गतिविधियों में किस तरह की मदद दी जा रही थी।
किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या से भी बढ़ी चिंता
कुलगाम में CRPF पर हमले के करीब 24 घंटे के भीतर किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों बाबी चंद और यशपाल कुमार की हत्या की घटना भी सामने आई थी। इन घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
सुरक्षाबलों की ताजा कार्रवाई को दक्षिण कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है।

