उत्तराखंड के चमोली में सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने ऐसा कदम उठाया है जिसने पहाड़ों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को फिर चर्चा में ला दिया है। सरकारी मंजूरी और निर्माण कार्य का इंतजार करते-करते ग्रामीणों ने अब अपने हाथों से सड़क बनाने की शुरुआत कर दी है। कर्णप्रयाग के गनोली क्षेत्र में गांव की महिलाएं और पुरुष श्रमदान कर रास्ता तैयार कर रहे हैं। किसी ने गैंती उठाई तो किसी ने फावड़े से मिट्टी हटाई। ढोल-दमाऊं की थाप के बीच भूमि पूजन कर शुरू किया गया यह काम ग्रामीणों की मजबूरी और एकजुटता दोनों को दिखाता है। आखिर सड़क के लिए गांव वालों को खुद क्यों उतरना पड़ा आगे पढ़ें पूरी खबर।

सड़क के अभाव में रोजाना मुश्किलों का सामना
चमोली जिले के कर्णप्रयाग विकासखंड के गनोली और आसपास के गांवों में सड़क की मांग लंबे समय से उठ रही है। ग्रामीणों के मुताबिक सड़क नहीं होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों के लिए पैदल जंगल के रास्तों से गुजरना पड़ता है।
ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर ने बताया कि रात के समय जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है। सड़क नहीं होने से गांव के लोगों की आवाजाही मुश्किल बनी हुई है।
गांव की महिलाओं और युवाओं ने संभाला मोर्चा
सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से श्रमदान करने का निर्णय लिया। इसके बाद महिला मंगल दल युवक मंगल दल और अन्य ग्रामीण निर्माण स्थल पर जुटे।
स्थानीय परंपरा के अनुसार ढोल-दमाऊं और नगाड़ों के साथ भूमि पूजन किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने खुदाई शुरू कर दी। गांव के लोग अपनी मेहनत से सड़क का रास्ता तैयार करने में जुटे हैं।
मरीजों को अस्पताल ले जाना भी बड़ी चुनौती
सड़क नहीं होने का सबसे ज्यादा असर आपातकालीन परिस्थितियों में देखने को मिलता है। गांव में किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर उसे मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए कंडी या डंडी का सहारा लेना पड़ता है।
गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को अस्पताल ले जाने में भी परेशानी होती है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सड़क बनने से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की आवाजाही भी आसान होगी।
40 से अधिक परिवारों को मिल सकता है लाभ
ग्रामीणों की मांग कांचुला-गैन-सैंजकट्टा मोटर मार्ग से जुड़ी है। इस सड़क के जरिए मोली गनोली और आसपास के गांवों को जोड़ने की योजना है। करीब तीन किलोमीटर से अधिक सड़क का निर्माण बाकी बताया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क बनने से 40 से अधिक परिवारों को सीधा लाभ मिल सकता है। इस परियोजना की डीपीआर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत शासन को भेजे जाने की जानकारी भी दी गई है।
विधायक ने दिया जल्द स्वीकृति मिलने का भरोसा
कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल के अनुसार सड़क की डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है और जल्द वित्तीय मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
हालांकि ग्रामीण अब केवल सरकारी आश्वासन का इंतजार नहीं करना चाहते। उनका कहना है कि जब तक विभागीय स्तर पर सड़क निर्माण शुरू नहीं होता तब तक वे श्रमदान से काम जारी रखेंगे। ग्रामीणों की यह पहल पहाड़ के गांवों में सड़क जैसी जरूरी सुविधा की अहमियत को उजागर करती है।

