पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को लेकर बुधवार सुबह एक चिंताजनक खबर सामने आई। रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले धनखड़ अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी तुरंत उन्हें घर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक चिकित्सा दी। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया। आगे पढ़ें पूरी खबर

पहले PCR वाहन से घर पहुंचाया गया
जानकारी के मुताबिक 75 वर्षीय जगदीप धनखड़ मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक गिर गए थे और कुछ मिनट तक बेहोश रहे। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें PCR वाहन की मदद से घर पहुंचाया। इसके बाद ILBS की मेडिकल टीम और AIIMS के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनकी जांच कर चिकित्सा सहायता दी।
AIIMS के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में चल रही जांच
प्राथमिक चिकित्सा के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस से दिल्ली AIIMS ले जाया गया। यहां उन्हें अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती किया गया है। सूत्रों के अनुसार कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं और जरूरी मेडिकल जांच की जा रही है। हालांकि अस्पताल की ओर से उनकी सेहत को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
पहले भी कई बार बेहोश होने की आ चुकी है खबर
जगदीप धनखड़ को इससे पहले भी बेहोशी की समस्या का सामना करना पड़ा है। मार्च 2025 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें AIIMS में भर्ती कराया गया था और उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी। जून 2025 में नैनीताल में एक कार्यक्रम के दौरान भी वह बेहोश हो गए थे। जनवरी 2026 में घर पर भी उनके दो बार बेहोश होने की खबर सामने आई थी।
जुलाई 2025 में दिया था उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा
जगदीप धनखड़ ने अगस्त 2022 में भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में पदभार संभाला था। हालांकि स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने 21 जुलाई 2025 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल AIIMS में उनका इलाज और मेडिकल मूल्यांकन जारी है। उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

