दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी Nvidia के CEO जेन्सन हुआंग एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। एक नई मीडिया रिपोर्ट में उनके कंपनी की वरिष्ठ अधिकारी किम्बर्ली पॉवेल के साथ कथित संबंधों का दावा किया गया है। रिपोर्ट में Nvidia के पांच पूर्व कर्मचारियों के हवाले से कई अहम बातें बताई गई हैं। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले पर कंपनी की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

पांच पूर्व कर्मचारियों के हवाले से सामने आया दावा
रिपोर्ट के अनुसार किम्बर्ली पॉवेल Nvidia में वाइस प्रेसिडेंट हैं और सीधे जेन्सन हुआंग को रिपोर्ट करती हैं। दावा किया गया है कि दोनों के बीच पेशेवर रिश्तों से आगे करीबी संबंध थे। इस पूरे मामले की जानकारी कंपनी के पांच पूर्व कर्मचारियों के हवाले से दी गई है।
सैन जोस के होटल से जुड़ा है मामला
रिपोर्ट में मार्च 2026 की एक घटना का भी जिक्र किया गया है। दावा है कि सैन जोस में Nvidia के एक सम्मेलन के दौरान जेन्सन हुआंग और किम्बर्ली पॉवेल को एक होटल में करीब देखा गया था। इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड होने की बात भी कही गई है। हालांकि इस वीडियो और कथित संबंधों को लेकर स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है।
Nvidia में क्या जिम्मेदारी संभालती हैं किम्बर्ली पॉवेल?
किम्बर्ली पॉवेल Nvidia के हेल्थकेयर बिजनेस से जुड़ी वाइस प्रेसिडेंट हैं। वह 2008 में कंपनी से जुड़ी थीं और मेडिकल इमेजिंग के साथ हेल्थकेयर क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल से जुड़े कारोबार की जिम्मेदारी संभालती हैं। 2017 में उन्हें वाइस प्रेसिडेंट की भूमिका दी गई थी।
पहले भी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहे जेन्सन हुआंग
जेन्सन हुआंग की निजी जिंदगी को लेकर इससे पहले भी एक रिपोर्ट सामने आई थी जिसमें एलिस हुआंग का नाम चर्चा में आया था। उस मामले में विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े दावे भी किए गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक 8 नवंबर को हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों को भेजे संदेश में अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार करते हुए माफी मांगी थी।
कंपनी और महिला अधिकारी की प्रतिक्रिया का इंतजार
नई रिपोर्ट में लगाए गए दावों पर Nvidia और किम्बर्ली पॉवेल की ओर से तत्काल कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई। जेन्सन हुआंग ने भी रिपोर्ट से जुड़े सवालों पर सीधे बातचीत करने से परहेज किया। ऐसे में कथित संबंधों को लेकर सामने आई जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

