दिवाली पर परिवार के साथ खुशियां बांटने के लिए गांव आए एक जवान के साथ ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे परिवार को चिंता में डाल दिया। बागपत में राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड सौरभ तोमर को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बताया जा रहा है कि घर के बाहर पटाखे जलाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गोली दीवार से टकराकर सौरभ के सिर में जा लगी। इस घटना में उनका भाई भी घायल हुआ। आगे पढ़ें पूरी खबर।

2021 में सेना में भर्ती हुए थे सौरभ
26 वर्षीय सौरभ तोमर बागपत के गोपालपुर खड़ाना गांव के रहने वाले हैं। वह वर्ष 2021 में सेना में भर्ती हुए थे और फिलहाल राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड के तौर पर तैनात हैं। दिवाली मनाने के लिए वह छुट्टी लेकर अपने घर आए हुए थे। 8 नवंबर की रात वह अपने भाइयों के साथ घर के बाहर पटाखे जला रहे थे।
पड़ोसियों से कहासुनी के बाद बिगड़ा मामला
पुलिस और परिवार की शिकायत के मुताबिक इसी दौरान गांव के धीरज और उनके भाई मोनू उर्फ प्रवीण से पटाखे जलाने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान धीरज ने तमंचे से गोली चला दी। गोली पहले दीवार से टकराई और फिर सौरभ के सिर में जा लगी।
भाई विनीत पर भी हुआ हमला
फायरिंग के बाद सौरभ गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वहीं उनके भाई विनीत के साथ भी कथित तौर पर लाठी से हमला किया गया। परिवार के लोग दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। सौरभ को पहले बड़ौत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और फिर मेरठ रेफर किया गया।
ऑपरेशन के बाद हालत स्थिर
मेरठ के निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर सौरभ के सिर में फंसी गोली निकाल दी। शुरुआती रिपोर्टों में उनकी हालत गंभीर बताई गई थी लेकिन बाद में बागपत पुलिस और अधिकारियों की ओर से उनकी स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर बताई गई। उनका इलाज जारी है।
दो आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें
सौरभ के पिता जनकराज की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

