असम में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना सामने आई। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित दिगारू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंजन और पांच यात्री डिब्बे बेपटरी हो गए। हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन को दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए स्टेशन पर लिया जा रहा था। शुरुआती रिपोर्टों में यात्रियों के घायल होने की बात कही गई लेकिन रेलवे ने बाद में सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी। आगे पढ़ें पूरी खबर।

सुबह 6:54 बजे हुआ हादसा
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर दिगारू स्टेशन पर दुर्घटनाग्रस्त हुई। ट्रेन को दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए स्टेशन पर लिया जा रहा था। इसी दौरान इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
रफ्तार नियंत्रित नहीं कर पाने की बात आई सामने
रेलवे के शुरुआती बयान के अनुसार स्टेशन पर ट्रेन को रिसीव करते समय लोको पायलट रफ्तार नियंत्रित नहीं कर पाया। इसके चलते इंजन के साथ पांच यात्री डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
यात्रियों को दूसरी ट्रेन से भेजने की व्यवस्था
हादसे के बाद पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। राहत और बहाली का काम शुरू किया गया। रेलवे के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित थे और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई।
रेल परिचालन पर पड़ा असर
दिगारू स्टेशन पर हुए हादसे के कारण इस रेलखंड पर ट्रेन परिचालन प्रभावित हुआ। रेलवे की टीमें पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और रेल मार्ग को सामान्य करने में जुटीं। दुर्घटना की जांच के बाद ही हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी सामने आएगी।

