जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो पुलिस अधिकारियों की हत्या का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। दोनों अधिकारी बुधवार से लापता थे और उनकी तलाश के लिए पुलिस तथा सेना की टीमें जंगलों में अभियान चला रही थीं। गुरुवार सुबह दोनों के गोलियों से छलनी शव बरामद हुए। उनके सरकारी हथियार भी मौके से गायब मिले हैं। आगे पढ़ें पूरी खबर।

ड्यूटी पर निकले थे दोनों अधिकारी
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय रशपाल कुमार और 57 वर्षीय बाबी चंद के रूप में हुई है। दोनों जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप यानी SOG में तैनात थे। वे किश्तवाड़ के दच्छन इलाके के कियार गांव में तैनात थे।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को दोनों अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की पोस्ट की ओर रवाना हुए थे। उन्हें वहां तैनात अपने दो अन्य साथियों की जगह ड्यूटी संभालनी थी लेकिन वे निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचे।
मोबाइल फोन बंद होने के बाद शुरू हुई तलाश
दोनों अधिकारियों के लापता होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को इसकी सूचना दी गई। शुरुआत में उनके मोबाइल फोन पर घंटी जा रही थी लेकिन कुछ समय बाद दोनों फोन बंद हो गए। इसके बाद पुलिस सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।
जंगल में मिले गोलियों से छलनी शव
गुरुवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान दोनों अधिकारियों के शव दच्छन के जंगल वाले इलाके में मिले। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक अधिकारी के सिर और दूसरे के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। घटनास्थल से उनकी INSAS और .303 राइफलें भी गायब पाई गईं।
आतंकियों की संलिप्तता की आशंका
हथियार गायब होने और गोली लगने के कारण मामले में आतंकियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। कुछ रिपोर्टों में घात लगाकर हमला किए जाने का दावा भी किया गया है। हालांकि घटना की पूरी परिस्थितियों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच जारी है।
सुरक्षा बलों ने तेज किया सर्च ऑपरेशन
दोनों SPO के शव मिलने के बाद किश्तवाड़ के दुर्गम पहाड़ी और जंगल वाले इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। सुरक्षा बल संदिग्धों की तलाश में जुटे हैं। ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से भी इलाके की छानबीन की जा रही है।

