हरियाणा के फरीदाबाद में COO परमजीत धनखड़ की हत्या का मामला लगातार नए खुलासों के चलते चर्चा में है। सामने आए CCTV फुटेज में आरोपी की हरकतें और वारदात से पहले की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले दिवाली की शुभकामना दी और फिर कुछ ही देर में पिस्टल निकालकर गोलियां चला दीं। आगे पढ़ें पूरी खबर।

दिवाली की बधाई के बाद शुरू हुआ विवाद
फरीदाबाद के सेक्टर 21C में हुई इस वारदात में 45 वर्षीय परमजीत धनखड़ की जान चली गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने परमजीत से बातचीत के दौरान पहले Happy Diwali कहा। इसके बाद पार्किंग को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और आरोपी ने अचानक पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।
पांच मिनट के भीतर पिस्टल लेकर पहुंचा आरोपी
CCTV फुटेज के अनुसार आरोपी पहले डांस करते हुए अपने घर पहुंचा था। इसके करीब पांच मिनट बाद वह पिस्टल और मैगजीन लेकर नीचे आया। इसके बाद उसने परमजीत को बातचीत के लिए बुलाया और कुछ देर बात करने के बाद उन पर गोलियां चला दीं।
घायल होने के बाद भी परमजीत ने किया मुकाबला
फायरिंग में घायल होने के बावजूद परमजीत ने आरोपी का सामना किया। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने आरोपी को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया था। इसी दौरान पिस्टल की मैगजीन खाली हो गई। आरोप है कि आरोपी ने दोबारा मैगजीन लोड की और फिर से गोलियां चलाईं।
घायल परमजीत सोसाइटी के मुख्य गेट की ओर पहुंचे लेकिन आरोपी ने उनका पीछा करते हुए वहां भी फायरिंग की। इस पूरी घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी।
परिवार को धमकी देकर फरार हुआ आरोपी
वारदात के बाद आरोपी पर परिवार की महिलाओं के साथ अभद्र टिप्पणी करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस जांच में दोनों परिवारों के बीच पहले से पार्किंग विवाद और कहासुनी की बात सामने आई है। पुलिस चौकी में हुई कथित मारपीट को भी विवाद की पृष्ठभूमि से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी की गाड़ी और कपड़े किए बरामद
पुलिस ने आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान उसकी निशानदेही पर NCR क्षेत्र से XUV गाड़ी और खून से सनी टीशर्ट बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। परमजीत के परिवार को सुरक्षा भी दी गई है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
कौन थे परमजीत धनखड़
45 वर्षीय परमजीत धनखड़ एक सॉफ्टवेयर कंपनी में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर यानी COO के पद पर कार्यरत थे। वह पहले टेक महिंद्रा में एशिया पैसिफिक क्षेत्र के वरिष्ठ पद पर काम कर चुके थे। वह परिवार से मिलने और शादी समारोह में शामिल होने के लिए फरीदाबाद आए थे।

