दिल्ली में कानून मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के पास युवक समीर की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। वारदात में शामिल होने का आरोपी गैंगस्टर नसीम दुर्रानी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। दिल्ली पुलिस और नोएडा STF की संयुक्त टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की। नसीम पर हत्या समेत 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। आगे पढ़ें पूरी खबर।

बुलंदशहर में दिल्ली पुलिस और नोएडा STF का संयुक्त ऑपरेशन
जानकारी के मुताबिक पुलिस को गैंगस्टर नसीम दुर्रानी के बुलंदशहर में छिपे होने का इनपुट मिला था। इसके बाद दिल्ली पुलिस और नोएडा स्पेशल टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने उसे पकड़ने के लिए अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस और नसीम के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई जिसमें नसीम को गोलियां लगीं। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कपिल मिश्रा के कार्यालय के पास हुई थी समीर की हत्या
नसीम दुर्रानी पर 16 नवंबर को उत्तर पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार और खजूरी खास इलाके में हुई फायरिंग में शामिल होने का आरोप था। यह वारदात दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के पास हुई थी।
पुलिस के मुताबिक 26 वर्षीय समीर अपने दोस्त रिजवान के साथ स्कूटी पर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उस पर करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल समीर को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छोटा शकील के संपर्क में रहने का भी आरोप
नसीम दुर्रानी के अंडरवर्ल्ड कनेक्शन भी सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक वह दाऊद इब्राहिम के गिरोह D कंपनी से जुड़ा हुआ था और छोटा शकील के संपर्क में भी रह चुका था।
उस पर आरोप था कि छोटा शकील ने वर्ष 2016 और 2017 के दौरान तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन की हत्या की सुपारी उसे दी थी। इसके अलावा पाकिस्तानी मूल के पत्रकार तारिक फतेह की हत्या की साजिश रचने का आरोप भी नसीम पर लगा था।
25 से ज्यादा आपराधिक मामले थे दर्ज
नसीम दुर्रानी के खिलाफ हत्या हत्या की कोशिश और लूट समेत 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। दिल्ली पुलिस समीर हत्याकांड के बाद से उसकी तलाश कर रही थी।
बुलंदशहर में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस अब इस ऑपरेशन से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ और नसीम के आपराधिक नेटवर्क को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

