पंजाब के एक सामान्य परिवार से निकलकर विदेश में बैठकर आपराधिक नेटवर्क चलाने तक का सफर तय करने वाला सतविंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ आज भारत के मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में शामिल है। कभी कॉलेज की छात्र राजनीति से जुड़ा गोल्डी बराड़ कैसे लॉरेंस बिश्नोई का भरोसेमंद साथी बना और किस तरह उसका नेटवर्क भारत से लेकर अमेरिका और कनाडा तक फैल गया। इसकी कहानी कई चौंकाने वाले मोड़ दिखाती है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

पंजाब के कॉलेज से शुरू हुआ अपराध की दुनिया का सफर
गोल्डी बराड़ का जन्म पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब में हुआ था। उसके पिता पंजाब पुलिस में एएसआई थे और परिवार चाहता था कि वह पढ़ लिखकर अच्छी नौकरी करे।
चंडीगढ़ में पढ़ाई के दौरान गोल्डी बराड़ छात्र राजनीति से जुड़ा और पंजाब यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी यानी SOPU के संपर्क में आया। इसी दौरान उसकी मुलाकात लॉरेंस बिश्नोई से हुई। धीरे धीरे दोनों की दोस्ती एक बड़े आपराधिक गठजोड़ में बदल गई।
2017 में स्टूडेंट वीजा पर पहुंचा कनाडा
परिवार को जब गोल्डी की संगत और गतिविधियों को लेकर चिंता हुई तो साल 2017 में उसे स्टूडेंट वीजा पर कनाडा भेज दिया गया। वहां ओंटारियो पहुंचने के बाद उसने ट्रक ड्राइवर और डिलीवरी जैसे छोटे काम किए।
हालांकि विदेश जाने के बाद भी उसका लॉरेंस बिश्नोई और पंजाब में मौजूद दूसरे अपराधियों से संपर्क बना रहा। जांच एजेंसियों के मुताबिक इसी दौरान उसने विदेश में बैठकर गैंग का नेटवर्क संचालित करने की रणनीति तैयार की।
भाई की हत्या के बाद बदले अपराध के रास्ते
अक्टूबर 2020 में चंडीगढ़ के एक नाइट क्लब के बाहर गोल्डी के ममेरे भाई गुरलाल बराड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गुरलाल को लॉरेंस बिश्नोई का करीबी बताया जाता था और हत्या का आरोप प्रतिद्वंद्वी बंबीहा गैंग पर लगा था।
रिपोर्टों के मुताबिक इस घटना के बाद गोल्डी ने बदला लेने की ठानी और विदेश में बैठकर टारगेट किलिंग और रंगदारी से जुड़े नेटवर्क को मजबूत करना शुरू किया।
लॉरेंस जेल में और विदेश में नेटवर्क संभालता रहा गोल्डी
लॉरेंस बिश्नोई के जेल में रहने के दौरान गोल्डी बराड़ ने विदेश में गैंग के नेटवर्क की जिम्मेदारी संभाली। जांच एजेंसियों के मुताबिक वह कनाडा और बाद में अमेरिका में रहकर भारत में मौजूद अपने गुर्गों से संपर्क करता था।
उसके काम करने का तरीका पारंपरिक गैंगस्टरों से अलग बताया जाता है। आरोप है कि वह खुद वारदात की जगह पर जाने के बजाय विदेश में बैठकर पूरे ऑपरेशन को नियंत्रित करता था।
अलग अलग राज्यों में फैला था नेटवर्क
जांच एजेंसियों के अनुसार गोल्डी का नेटवर्क कई स्तरों पर काम करता था। एक राज्य से शूटरों की भर्ती और दूसरे राज्य से हथियारों की व्यवस्था कर किसी तीसरे राज्य में वारदात कराने के आरोप सामने आए हैं।
एजेंसियों का दावा है कि गैंग के सदस्य Signal Telegram और Threema जैसे एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म के जरिए संपर्क करते थे। बेरोजगार युवाओं को पैसों का लालच देकर गैंग में शामिल करने के आरोप भी लगे हैं।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद दुनिया भर में चर्चा
29 मई 2022 को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद गोल्डी बराड़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया। जांच एजेंसियों ने आरोप लगाया कि उसने विदेश में बैठकर इस हत्याकांड की साजिश और शूटरों के बीच समन्वय में भूमिका निभाई थी।
इसके अलावा उसका नाम कई अन्य हत्याओं और रंगदारी के मामलों में भी सामने आया है। अभिनेता सलमान खान को मिली धमकियों से जुड़े मामलों में भी लॉरेंस और गोल्डी के नेटवर्क की जांच की गई है।
अमेरिका और कनाडा की एजेंसियों के निशाने पर
भारत सरकार ने जनवरी 2024 में गोल्डी बराड़ को गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी घोषित किया था। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया है।
अमेरिकी जांच एजेंसियों ने लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क से जुड़े मामलों में गोल्डी बराड़ को आरोपी बनाया है। FBI ने उसे अपनी टॉप टेन मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में भी शामिल किया है। भारत की NIA ने उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना देने पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
भारत अमेरिका और कनाडा की एजेंसियों की ओर से घोषित इनाम की कुल राशि 11 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

