भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में बातचीत की संभावनाओं को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका में बड़ा बयान दिया है। शिकागो यूनिवर्सिटी में एक पाकिस्तानी छात्र ने उनसे दोनों देशों के बीच तनाव खत्म कर आपसी सहयोग की संभावना पर सवाल पूछा। इस पर राहुल गांधी ने साफ कहा कि पाकिस्तान जब तक भारत में आतंकवाद को समर्थन और बढ़ावा देता रहेगा तब तक बातचीत संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों की हत्या के बीच पाकिस्तान से बातचीत स्वीकार नहीं की जा सकती। आगे पढ़ें पूरी खबर।

पाकिस्तानी छात्र ने पूछा था भारत-पाकिस्तान बातचीत पर सवाल
राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका दौरे पर हैं। बुधवार को शिकागो यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत के दौरान एक छात्र ने उनसे भारत और पाकिस्तान के संबंधों को लेकर सवाल किया।
छात्र ने खुद को पाकिस्तान का नागरिक बताते हुए पूछा कि क्या दोनों देश आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर आपसी फायदे के लिए मिलकर काम कर सकते हैं और अपने मतभेदों को दूर कर सकते हैं।
राहुल गांधी ने आतंकवाद को बताया सबसे बड़ी बाधा
छात्र के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत की गुंजाइश जरूर है लेकिन इसके रास्ते में सबसे बड़ी समस्या पाकिस्तान की ओर से भारत में आतंकवाद को समर्थन और प्रोत्साहन देना है।
उन्होंने कहा कि भारत के लिए यह स्वीकार करना असंभव है कि निर्दोष लोगों की हत्या होती रहे और इसके बावजूद पाकिस्तान के साथ बातचीत जारी रखी जाए। राहुल के मुताबिक जिस दिन आतंकवाद को समर्थन देना बंद होगा उसी दिन बातचीत की संभावना बन सकती है।
भारत की विदेश नीति पर भी उठाए सवाल
इसी कार्यक्रम में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि भारत अपने आकार और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के कारण वैश्विक मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है लेकिन मौजूदा समय में भारत वैश्विक स्तर पर साइड प्लेयर बनकर रह गया है।
उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका का जिक्र करते हुए हैरानी जताई कि पाकिस्तान दोनों देशों के बीच बातचीत में सक्रिय है जबकि भारत इस प्रक्रिया से दूर नजर आ रहा है।
भारत को फिर से वैश्विक मंच पर सक्रिय होने की जरूरत
राहुल गांधी ने कहा कि आजादी के बाद भारत की विदेश नीति की अपनी अलग पहचान थी। देश गुटनिरपेक्ष आंदोलन के जरिए अंतरराष्ट्रीय मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था।
उन्होंने कहा कि भारत को अपनी स्वतंत्र विदेश नीति और वैश्विक आवाज को फिर से मजबूत करना चाहिए। उनके मुताबिक दुनिया की अगली वैश्विक व्यवस्था कई देशों और सभ्यताओं की भागीदारी से बनेगी और भारत को इसमें अहम भूमिका निभानी चाहिए।
इजरायल और गाजा को लेकर भी रखी अपनी राय
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने इजरायल के साथ भारत के संबंधों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि भारत को इजरायल के साथ अच्छे रणनीतिक और रक्षा संबंध बनाए रखने चाहिए लेकिन विदेश नीति का आधार भारत का अपना राष्ट्रीय हित होना चाहिए।
उन्होंने गाजा की स्थिति पर भी भारत को अपनी स्वतंत्र राय रखने की जरूरत बताई। राहुल गांधी के मुताबिक किसी दूसरे देश के दबाव में आकर भारत को अपने राष्ट्रीय हितों और विदेश नीति के रुख से समझौता नहीं करना चाहिए।

