वंदे भारत ट्रेन में सफर के दौरान परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बेंगलुरु से बेलगावी जा रहे एक यात्री के वड़े में लोहे का बड़ा बोल्ट मिलने का मामला सामने आया है। यात्री ने इस घटना का वीडियो साझा कर रेलवे और IRCTC से शिकायत की। शिकायत के बाद IRCTC ने मामले पर जवाब देते हुए माफी मांगी और संबंधित सेवा प्रदाता के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी दी। खाने में लोहे का सामान मिलने की इस घटना ने रेलवे की खानपान व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं आगे पढ़ें पूरी खबर।

वड़े में निकला लोहे का बड़ा बोल्ट
यह घटना बेंगलुरु से बेलगावी के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन की बताई जा रही है। समर्थ कोडियाल नाम का यात्री ट्रेन में सफर कर रहा था। इसी दौरान उसे नाश्ते में वड़ा परोसा गया।
वड़ा खाते समय यात्री को मुंह में कोई सख्त चीज महसूस हुई। जब उसने खाने की जांच की तो उसके अंदर लोहे का बड़ा बोल्ट मिला। यात्री ने इसकी तस्वीर और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
रेलवे और IRCTC तक पहुंचाई शिकायत
यात्री ने इस मामले को लेकर भारतीय रेलवे रेल मंत्रालय और IRCTC को टैग किया। उसने खाने की गुणवत्ता और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।
यात्री के मुताबिक भोजन में इस तरह की धातु की वस्तु मिलना गंभीर लापरवाही है। यदि यह बोल्ट निगल लिया जाता तो स्वास्थ्य को नुकसान पहुंच सकता था।
IRCTC ने सेवा प्रदाता के खिलाफ की कार्रवाई
शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए IRCTC ने यात्री से हुई असुविधा के लिए खेद जताया। साथ ही बताया कि संबंधित सेवा प्रदाता के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई है।
IRCTC ने किचन यूनिट के कर्मचारियों को भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया यानी SOP का पालन करने के निर्देश भी दिए हैं।
किचन की जांच और उपकरणों के निरीक्षण के निर्देश
IRCTC की ओर से संबंधित अधिकारियों को किचन यूनिट का विस्तृत निरीक्षण करने के लिए कहा गया है। भोजन तैयार करने से पहले इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खाना तैयार करने से लेकर यात्रियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही न हो।
प्रीमियम ट्रेनों में खाने की गुणवत्ता पर फिर सवाल
वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों से खानपान के लिए शुल्क लिया जाता है और बेहतर सुविधाओं की उम्मीद की जाती है। ऐसे में भोजन के अंदर लोहे का बोल्ट मिलने की घटना ने गुणवत्ता जांच और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि IRCTC की कार्रवाई के बाद खानपान की व्यवस्था में क्या सुधार होता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

