हरियाणा में समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर तैयार मसौदे में पारिवारिक और संपत्ति से जुड़े कई अहम बदलावों की रूपरेखा सामने आई है। इसमें शादी के पंजीकरण से लेकर तलाक और लिव-इन रिलेशनशिप तक के लिए नियम तय करने का प्रस्ताव है। इतना ही नहीं आर्थिक रूप से कमजोर पति या पत्नी दोनों को गुजारा भत्ता मांगने का अधिकार देने और बेटियों को संपत्ति में बराबर हिस्सा देने की बात भी कही गई है। हालांकि यह मसौदा अभी सरकार के विचाराधीन है और कानून बनने की प्रक्रिया बाकी है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

सरकार के पास पहुंचा UCC का मसौदा
हरियाणा राज्य विधि आयोग ने समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार कर मुख्य सचिव और गृह विभाग को भेज दिया है। अब इस पर राज्य सरकार विचार करेगी। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद इसे विधानसभा में विधेयक के रूप में पेश किया जा सकता है।
इस प्रस्ताव का मकसद अलग-अलग धर्मों के लोगों के लिए विवाह और पारिवारिक मामलों में समान कानूनी व्यवस्था तैयार करना है। हालांकि कुछ संरक्षित समुदायों और अनुसूचित जनजातियों को छूट देने का प्रावधान भी प्रस्तावित है।
विवाह के लिए तय होंगी एक जैसी शर्तें
मसौदे में विवाह के लिए पुरुष की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और महिला की 18 वर्ष रखने का प्रस्ताव है। शादी के लिए दोनों की स्वतंत्र सहमति जरूरी होगी और किसी भी पक्ष का पहले से जीवित जीवनसाथी नहीं होना चाहिए।
प्रतिबंधित पारिवारिक रिश्तों में विवाह पर रोक लगाने की बात भी कही गई है। हालांकि कुछ मान्य परंपराओं के आधार पर अपवाद की अनुमति देने का प्रस्ताव है।
शादी के 60 दिन के भीतर पंजीकरण जरूरी
प्रस्तावित नियमों के अनुसार UCC लागू होने के बाद हरियाणा में होने वाले विवाह का 60 दिनों के भीतर पंजीकरण कराना होगा। हरियाणा का निवासी दूसरे राज्य में विवाह करता है तो उस पर भी यह नियम लागू करने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा 11 अप्रैल 2008 से लेकर UCC लागू होने की तारीख तक हुए अपंजीकृत विवाहों को एक साल के भीतर दर्ज कराने की व्यवस्था भी मसौदे में शामिल है।
तलाक के मामलों में लागू होंगे समान आधार
मसौदे में तलाक के लिए कई समान आधार तय करने की बात कही गई है। इनमें व्यभिचार क्रूरता दो साल तक लगातार अलग छोड़ना धर्म परिवर्तन गंभीर मानसिक बीमारी और संक्रामक यौन रोग शामिल हैं।
इसके अलावा संन्यास लेना सात साल तक जीवित होने की जानकारी नहीं मिलना दूसरी शादी करना और अदालत के भरण-पोषण आदेश का एक साल तक पालन नहीं करना भी तलाक का आधार बन सकता है।
पत्नी को पति द्वारा दुष्कर्म या अन्य अप्राकृतिक यौन अपराध किए जाने की स्थिति में तलाक मांगने का अतिरिक्त आधार देने का प्रस्ताव भी है।
आपसी सहमति से तलाक के लिए भी नियम
पति-पत्नी आपसी सहमति से तलाक ले सकेंगे लेकिन इसके लिए कम से कम एक साल से अलग रहना जरूरी होगा। दोनों को विवाह समाप्त करने पर सहमत होना होगा।
मसौदे के मुताबिक पहली संयुक्त याचिका के छह महीने बाद और 18 महीने के भीतर दूसरी संयुक्त याचिका दाखिल करनी होगी। विशेष परिस्थितियों में अदालत को इन शर्तों में छूट देने का अधिकार भी प्रस्तावित है।
आर्थिक रूप से कमजोर पति या पत्नी मांग सकेंगे भरण-पोषण
प्रस्तावित UCC में गुजारा भत्ता मांगने का अधिकार केवल पत्नी तक सीमित नहीं रखा गया है। आर्थिक रूप से कमजोर पति या पत्नी अदालत से मुकदमे के दौरान अंतरिम भरण-पोषण और कानूनी खर्च मांग सकेंगे।
तलाक के बाद अदालत स्थायी भरण-पोषण का आदेश भी दे सकती है। वहीं पत्नी के मेहर डावर और स्त्रीधन को उसके भरण-पोषण के अधिकार से अलग रखने का प्रस्ताव है।
लिव-इन रिलेशनशिप का एक महीने में पंजीकरण
लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले जोड़ों को एक महीने के भीतर संयुक्त बयान देकर पंजीकरण कराना होगा। यदि किसी साथी की उम्र 21 वर्ष से कम है तो उसके माता-पिता या अभिभावकों को सूचना देने का प्रस्ताव है।
पंजीकरण नहीं कराने पर तीन महीने तक की जेल या 10 हजार रुपये जुर्माना अथवा दोनों की सजा का प्रावधान रखा गया है। लिव-इन संबंध में महिला साथी को छोड़ दिए जाने पर भरण-पोषण मांगने का अधिकार देने की बात भी कही गई है।
ऐसे संबंध से जन्म लेने वाले बच्चों को भी जोड़े की वैध संतान का दर्जा देने का प्रस्ताव है।
बेटियों को भी मिलेगा संपत्ति में बराबर हिस्सा
उत्तराधिकार के नियमों में भी बदलाव प्रस्तावित हैं। मसौदे के अनुसार बिना वसीयत किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर बेटे और बेटियों को संपत्ति में समान हिस्सा मिलेगा।
यदि किसी बेटे या बेटी की मृत्यु पहले हो चुकी है तो उनकी संतान को भी निर्धारित हिस्से के अनुसार अधिकार मिल सकेगा। इस तरह संपत्ति के बंटवारे में बेटियों को बराबरी देने की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है।
अभी कानून बनने का इंतजार
हरियाणा राज्य विधि आयोग के अध्यक्ष एचएस भल्ला के मुताबिक कानूनी प्रावधानों और संबंधित पहलुओं का अध्ययन करने के बाद मसौदा तैयार कर सरकार को भेजा गया है।
अब इस पर राज्य सरकार फैसला लेगी। विधानसभा से विधेयक पारित होने और अधिसूचना जारी होने के बाद ही UCC लागू हो सकेगा। फिलहाल विवाह पंजीकरण तलाक लिव-इन और संपत्ति से जुड़े ये सभी नियम प्रस्ताव के स्तर पर हैं।

