मेरठ के आबूलेन होटल में युवती के साथ कथित दरिंदगी के मामले में फरार चल रहे सलमान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने बचने के लिए फायरिंग की और निर्माणाधीन पुल पर चढ़कर भागने लगा लेकिन नीचे गिरकर घायल हो गया। उधर युवती की शिकायत के बाद होटल को सील कर दिया गया है और प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

पुलिस को देखकर आरोपी ने की फायरिंग
पुलिस को सूचना मिली थी कि मामले में वांछित सलमान नारहेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन अंडरपास के आसपास मौजूद है। इसके बाद लोहिया नगर और सदर बाजार थाना पुलिस की टीम ने इलाके में घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को घिरा देखकर टीम पर गोली चला दी। इसके बाद वह निर्माणाधीन पुल पर चढ़कर भागने लगा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
होटल से बाहर निकलकर युवती ने मांगी थी मदद
मामला आबूलेन स्थित एक होटल का है जहां गाजियाबाद की रहने वाली 24 वर्षीय युवती ने सलमान पर उसे कमरे में बंधक बनाने मारपीट करने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक युवती किसी तरह होटल से बाहर निकलने में कामयाब हुई और मदद के लिए आवाज लगाने लगी। आरोप है कि सलमान ने बाजार में उसका पीछा कर उसे दोबारा पकड़ने और होटल ले जाने की कोशिश की। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया और युवती को बचाया। घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है।
आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान सलमान के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस मिला है। मुठभेड़ के दौरान घायल होने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुकदमे में जोड़ी गईं दुष्कर्म और SC-ST एक्ट की धाराएं
युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुरुआत में मारपीट बंधक बनाने और धमकी देने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। बाद में मामले में दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
होटल सील होने के बाद प्रबंधन भी जांच के घेरे में
घटना के बाद पुलिस ने आबूलेन स्थित संबंधित होटल को सील कर दिया है। अब होटल के मैनेजर और संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस होटल के रिकॉर्ड और दूसरे साक्ष्यों को खंगाल रही है।
फिलहाल सलमान से पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। युवती की ओर से लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम की जांच जारी है।

