उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने पूर्वांचल में अपनी सियासी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर पहुंचे। यहां एयरपोर्ट से चौरीचौरा के देवकही गांव तक करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो आयोजित किया गया। PDA रथ पर सवार अखिलेश के स्वागत में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे और जगह-जगह पोस्टर और बैनर नजर आए। इस दौरान ‘टीपू इज बैक’ के पोस्टर भी चर्चा में रहे। आखिर इस दौरे के पीछे सपा की क्या रणनीति है आगे पढ़ें पूरी खबर।

PDA रथ पर सवार होकर निकले अखिलेश यादव
अखिलेश यादव का रोड शो गोरखपुर एयरपोर्ट से शुरू होकर चौरीचौरा क्षेत्र के देवकही गांव तक पहुंचा। करीब 20 किलोमीटर के इस सफर में वह विशेष रूप से तैयार PDA रथ पर सवार रहे।
पार्टी ने इस कार्यक्रम को बड़े राजनीतिक आयोजन के रूप में तैयार किया था। गोरखपुर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों के अलावा पूर्वांचल के दूसरे जिलों से भी कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था। सपा ने कार्यक्रम में एक लाख से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा था।
‘टीपू इज बैक’ पोस्टर लेकर पहुंचे समर्थक
रोड शो के दौरान अखिलेश यादव के समर्थकों में खास उत्साह देखने को मिला। कई कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और पोस्टर लेकर पहुंचे। इनमें ‘टीपू इज बैक’ लिखे पोस्टरों ने लोगों का ध्यान खींचा।
अखिलेश यादव के स्वागत के लिए रास्ते में जगह-जगह तैयारियां की गई थीं। पार्टी इस आयोजन के जरिए गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने का संदेश देना चाहती है।
शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
रोड शो के बाद अखिलेश यादव चौरीचौरा के देवकही गांव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे। इसके बाद वह पूर्व भाजपा नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस कार्यक्रम के जरिए सपा ऐतिहासिक विरासत और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को जोड़ने की कोशिश कर रही है।
टप्पू सिंह की सपा में एंट्री भी चर्चा में
इस दौरे का एक अहम राजनीतिक पहलू अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू की समाजवादी पार्टी में संभावित एंट्री भी है। वह दिवंगत विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह के भाई हैं और कार्यक्रम की तैयारियों में भी सक्रिय रहे हैं।
राजनीतिक चर्चाओं में उन्हें चौरीचौरा विधानसभा सीट से सपा के संभावित उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि पार्टी ने अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
2027 चुनाव से पहले पूर्वांचल पर सपा की नजर
गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जिला है और पूर्वांचल की राजनीति में इसका खास महत्व है। ऐसे में अखिलेश यादव का 20 किलोमीटर लंबा रोड शो केवल एक दौरा नहीं बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
सपा की कोशिश इस आयोजन के जरिए कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने और पूर्वांचल में अपना जनाधार मजबूत करने की है। अब देखना होगा कि यह शक्ति प्रदर्शन आगामी चुनावों में पार्टी के लिए कितना असरदार साबित होता है।

