दिवाली की रात दोस्तों के साथ खुशियां मनाने वाले छह युवकों ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि उनकी अगली सुबह इतनी दर्दनाक होगी। हरिद्वार में गंगा स्नान करने के इरादे से निकले हिसार के छह दोस्तों की कार मुजफ्फरनगर में हादसे का शिकार हो गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और सभी छह युवकों की जान चली गई। मंगलवार को जब उनके शव गांव पहुंचे तो परिजनों का दुख देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। आगे पढ़ें पूरी खबर।

चार दोस्तों का राखीगढ़ी में हुआ अंतिम संस्कार
हादसे में जान गंवाने वाले छह युवकों में चार राखीगढ़ी और दो मोठ लुहारी गांव के निवासी थे। मंगलवार को राखीगढ़ी में चारों युवकों का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं मोठ लुहारी में भी दो दोस्तों को नम आंखों से विदाई दी गई। युवकों की मौत से दोनों गांवों में शोक का माहौल है और परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
एक ही परिवार के दो बेटों की एक साथ उठी अर्थी
इस हादसे ने एक परिवार को ऐसा जख्म दिया जिसे भर पाना आसान नहीं होगा। मृतकों में शामिल राहुल और अंकित सगे भाई थे। दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। उनके बड़े भाई संजय ने मुखाग्नि दी। एक साथ दो बेटों को खोने वाले परिवार का दर्द देखकर गांव के लोग भी अपने आंसू नहीं रोक पाए।
दिवाली मनाने के बाद बनाया था हरिद्वार जाने का प्लान
छहों युवक आपस में दोस्त थे। दिवाली की रात उन्होंने साथ में आतिशबाजी की और इसके बाद सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार जाकर गंगा स्नान करने की योजना बनाई। इसी इरादे से सभी कार में सवार होकर निकल पड़े। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी यात्रा को आखिरी सफर में बदल दिया।
हाईवे पर खंभे और डिवाइडर से टकराई कार
सोमवार तड़के करीब 4:50 बजे पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में जग्गाहेड़ी के पास कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पलट गई और उसमें आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। लेकिन तब तक कार में सवार सभी छह युवकों की मौत हो चुकी थी।
जले हुए शवों की पहचान करना हुआ मुश्किल
आग इतनी भीषण थी कि कार और उसमें मौजूद शव बुरी तरह जल गए। ऐसे में मृतकों की पहचान करना भी चुनौती बन गया। पुलिस और परिजनों ने कपड़ों के टुकड़ों कलावे और हाथों में पहने ब्रेसलेट जैसी चीजों की मदद से युवकों की पहचान की। इसके बाद शवों को उनके गांव पहुंचाया गया जहां मंगलवार को अंतिम संस्कार किया गया।

