दूध खरीदने वाले लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। मदर डेयरी ने दिल्ली एनसीआर में अपने अलग-अलग दूध वेरिएंट की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें 12 नवंबर से लागू होने जा रही हैं। फुल क्रीम से लेकर टोंड और गाय के दूध तक के दाम बढ़ाए गए हैं। आगे पढ़ें पूरी खबर।

12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें
मदर डेयरी ने दूध की बढ़ती खरीद लागत और किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में हुए इजाफे को देखते हुए यह फैसला लिया है। कंपनी के अलग-अलग लिक्विड मिल्क वेरिएंट अब पहले से महंगे मिलेंगे। इससे पहले कंपनी ने 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में बदलाव किया था।
फुल क्रीम से लेकर गाय के दूध तक जानिए नए रेट
दिल्ली एनसीआर में मदर डेयरी के प्रमुख दूध वेरिएंट की कीमतों में यह बदलाव किया गया है
– फुल क्रीम दूध पाउच अब 72 रुपये की जगह 76 रुपये प्रति लीटर
– टोंड दूध पाउच अब 60 रुपये की जगह 62 रुपये प्रति लीटर
– डबल टोंड दूध अब 54 रुपये की जगह 56 रुपये प्रति लीटर
– गाय का दूध अब 62 रुपये की जगह 65 रुपये प्रति लीटर
– टोंड दूध बल्क वेंडिंग अब 58 रुपये की जगह 60 रुपये प्रति लीटर
किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ी
कंपनी के मुताबिक दूध की खरीद लागत बढ़ने से उत्पादन खर्च पर दबाव पड़ा है। मदर डेयरी अपनी दूध बिक्री से होने वाली कमाई का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है। ऐसे में बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा कीमतों में बढ़ोतरी के जरिए उपभोक्ताओं तक पहुंचाया गया है।
दिल्ली एनसीआर में रोजाना 35 लाख लीटर दूध की बिक्री
मदर डेयरी दिल्ली एनसीआर में अपने बूथों सामान्य दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। देशभर में कंपनी की दैनिक दूध बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक बताई जाती है। ऐसे में नई कीमतों का असर बड़ी संख्या में दूध उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर पड़ सकता है।

