उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक नए गठबंधन की तस्वीर सामने आने लगी है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है। दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर सहमति बनने की खबर है। अब लखनऊ में होने वाले ऐलान के साथ इस नए राजनीतिक मोर्चे की रणनीति भी सामने आ सकती है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

लखनऊ में कल होगी दोनों नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
12 नवंबर को लखनऊ के दयाल पैराडाइज होटल में दोपहर 12 बजे ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसी दौरान 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की औपचारिक घोषणा और उसके नाम का ऐलान किया जा सकता है। AIMIM के प्रवक्ता शादाब चौहान ने भी दोनों दलों के साथ आने की जानकारी दी है।
करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों पार्टियां उत्तर प्रदेश की करीब 150 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। इनमें AIMIM के 40 से 45 मुस्लिम बहुल सीटों पर उम्मीदवार उतारने की चर्चा है। वहीं आजाद समाज पार्टी बाकी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार सकती है। हालांकि सीटों की संख्या और बंटवारे पर अंतिम जानकारी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामने आएगी।
दलित और मुस्लिम मुद्दों पर रहेगा फोकस
इस गठबंधन में दलित और मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दिए जाने की बात कही जा रही है। दोनों दल इन वर्गों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व और अधिकारों के मुद्दे पर एक साझा मंच पर लाने की कोशिश कर सकते हैं। गठबंधन का दायरा कितना बड़ा होगा और इसमें अन्य दल शामिल होंगे या नहीं इस पर भी सबकी नजर रहेगी।
2027 के चुनाव से पहले बदलेगी यूपी की सियासी तस्वीर?
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और उससे पहले नए गठबंधन की घोषणा राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है। अब देखना होगा कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टियां सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति को किस तरह अंतिम रूप देती हैं। 12 नवंबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस नए मोर्चे से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

