ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत की सुरक्षा और चीन-पाकिस्तान के गठजोड़ को लेकर नई बहस छिड़ गई है। अमेरिकी आयोग की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सैन्य टकराव के दौरान चीन ने पाकिस्तान को हथियारों और तकनीकी सहयोग के जरिए समर्थन दिया। रिपोर्ट में बीजिंग की रणनीति को सिर्फ सैन्य मोर्चे तक सीमित नहीं बताया गया है बल्कि भारत की आर्थिक ताकत और हिंद महासागर में उसके प्रभाव को चुनौती देने की कोशिशों का भी जिक्र है। आखिर चीन की इस रणनीति को लेकर अमेरिकी आयोग ने क्या चेतावनी दी है आगे पढ़ें पूरी खबर।

भारत को चीन के लिए बड़ी रणनीतिक चुनौती बताया
अमेरिका-चीन आर्थिक एवं सुरक्षा समीक्षा आयोग की 2026 की वार्षिक रिपोर्ट में भारत की बढ़ती आर्थिक और सैन्य क्षमता पर विस्तार से चर्चा की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक भारत एशिया में शक्ति संतुलन को प्रभावित करने की क्षमता रखता है। वैश्विक विनिर्माण और सप्लाई चेन में भी भारत चीन के लिए एक मजबूत विकल्प बन सकता है। आयोग का आकलन है कि चीन भारत के बढ़ते प्रभाव को सीमित करने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी रणनीति अपना रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर में चीन की भूमिका पर उठे सवाल
रिपोर्ट में मई 2025 के ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य टकराव का जिक्र किया गया है।
आयोग के अनुसार पाकिस्तान ने इस संघर्ष के दौरान चीन से खरीदे गए आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि चीन ने सीधे युद्ध में शामिल हुए बिना पाकिस्तान को सैन्य और तकनीकी सहायता दी।
इससे भारत के सामने चीन और पाकिस्तान की संयुक्त रणनीतिक चुनौती को लेकर चिंताएं बढ़ सकती हैं।
हथियारों के बाद आर्थिक मोर्चे पर भी दबाव
अमेरिकी आयोग ने चीन की आर्थिक रणनीति को भी भारत के लिए चुनौती बताया है। रिपोर्ट के मुताबिक महत्वपूर्ण औद्योगिक संसाधनों और तकनीक पर चीन की मजबूत पकड़ का इस्तेमाल दूसरे देशों पर दबाव बनाने के लिए किया जा सकता है।
इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण बैटरी और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भारत की निर्भरता और उत्पादन क्षमता पर इसका असर पड़ने की आशंका जताई गई है। आयोग ने जरूरी औद्योगिक उत्पादों के निर्यात पर चीन के प्रतिबंधों को भी चिंता का विषय बताया है।
हिंद महासागर में चीन की गतिविधियों पर नजर
रिपोर्ट में हिंद महासागर में चीन की बढ़ती सैन्य और निगरानी गतिविधियों का भी उल्लेख है। आयोग के मुताबिक इस क्षेत्र में चीन की मौजूदगी बढ़ने से भारत के समुद्री हितों और महत्वपूर्ण व्यापारिक रास्तों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
दक्षिण एशिया के देशों में चीन के बढ़ते निवेश और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को भी भारत के क्षेत्रीय प्रभाव के लिहाज से अहम माना गया है।
भारत-अमेरिका सहयोग बढ़ाने का सुझाव
चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने के लिए अमेरिकी आयोग ने भारत और अमेरिका के बीच रक्षा और समुद्री सुरक्षा सहयोग मजबूत करने की सिफारिश की है।
रिपोर्ट में खुफिया जानकारी साझा करने और हिंद महासागर में चीनी नौसेना तथा पनडुब्बियों की गतिविधियों पर संयुक्त निगरानी बढ़ाने का सुझाव दिया गया है। इसके अलावा दोनों देशों के रणनीतिक क्षेत्रों के उभरते नेताओं के बीच संबंध मजबूत करने के लिए इंडो-अमेरिकन स्ट्रैटेजिक लीडरशिप एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू करने की सिफारिश भी की गई है।

