मणिपुर में संदिग्ध शराब के सेवन से एक बड़ा स्वास्थ्य संकट सामने आया है। चंदेल जिले में शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई और देखते ही देखते मौतों का आंकड़ा 11 तक पहुंच गया। वहीं 181 लोगों को इलाज के लिए इंफाल के दो अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों और डॉक्टरों से मुलाकात की। आखिर कहां से आई थी यह शराब और कैसे बिगड़े इतने लोगों के हालात आगे पढ़ें पूरी खबर।

48 घंटे में 11 लोगों की मौत से बढ़ी चिंता
यह मामला चंदेल जिले के चकपीकारोंग और आसपास के इलाकों से सामने आया है। संदिग्ध शराब पीने के बाद लोगों को उल्टी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होने लगीं। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री के शुक्रवार को दिए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 48 घंटों में 11 लोगों की जान जा चुकी है। प्रभावित लोगों को बेहतर इलाज के लिए इंफाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
दो अस्पतालों में चल रहा 181 लोगों का इलाज
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शिजा अस्पताल और बाबिना अस्पताल का दौरा कर मरीजों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की।
जानकारी के अनुसार शिजा अस्पताल के लम्फेलपाट परिसर में 140 मरीज भर्ती हैं जबकि बाबिना अस्पताल के साजीवा परिसर में 41 लोगों का उपचार चल रहा है।
चंदेल में भेजी गई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ने चंदेल जिले में विशेषज्ञ चिकित्सा टीम भेजने के निर्देश दिए हैं। टीम को जरूरी दवाइयों और उपचार संबंधी सुविधाओं के साथ तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की जांच कराने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
काकचिंग के सुगनू इलाके से खरीदी गई थी शराब
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक प्रभावित लोगों ने जिस शराब का सेवन किया था उसे काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदा गया था। पुलिस का कहना है कि शराब का निर्माण चंदेल जिले में नहीं हुआ था।
जांच एजेंसियां अब शराब के स्रोत और उसमें मौजूद पदार्थों का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल मौतों की वास्तविक वजह को लेकर मेडिकल और वैज्ञानिक जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों को दी सतर्क रहने की सलाह
प्रशासन ने लोगों से संदिग्ध शराब का सेवन नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक शराब पीने के बाद उल्टी पेट दर्द सिरदर्द चक्कर धुंधला दिखाई देने या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए।
साथ ही जिस व्यक्ति ने संदिग्ध शराब पी है उसे लक्षण नजर नहीं आने पर भी चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई है।

