बैंक खाते से अचानक पैसा निकलने या किसी अनजान व्यक्ति के हाथों डिजिटल पेमेंट का कंट्रोल पहुंचने का खतरा अब पहले से ज्यादा चिंता का विषय बन गया है। इसी चुनौती से निपटने के लिए RBI बैंकिंग सुरक्षा के नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है। नए प्रस्तावों में ग्राहकों को अपने खाते से डिजिटल भुगतान रोकने से लेकर ट्रांजैक्शन की सीमा तय करने तक के अधिकार देने की बात कही गई है। इतना ही नहीं बड़ी रकम भेजने से पहले किसी भरोसेमंद व्यक्ति की सहमति लेना भी संभव हो सकता है। क्या बदलने वाला है बैंकिंग का तरीका आगे पढ़ें पूरी खबर।

फ्रॉड का शक होते ही एक क्लिक पर बंद होगा पेमेंट
RBI के प्रस्तावित नियमों में Stop Switch को अहम सुरक्षा सुविधा के तौर पर शामिल किया गया है। इस विकल्प के जरिए ग्राहक जरूरत पड़ने पर अपने खाते से होने वाले नए आउटगोइंग डिजिटल डेबिट ट्रांजैक्शन रोक सकेंगे।
मान लीजिए किसी व्यक्ति को पता चलता है कि उसके बैंक खाते की जानकारी लीक हो गई है या कोई अनजान व्यक्ति उसके खाते से भुगतान करने की कोशिश कर सकता है तो वह Stop Switch का इस्तेमाल कर सकेगा। इससे नए डिजिटल भुगतान और नए पेमेंट मैंडेट बनाने पर रोक लग सकेगी।
इसका मतलब यह नहीं होगा कि खाते में आने वाला पैसा भी रुक जाएगा। पहले से तय कुछ रिकरिंग भुगतान और स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन के अलावा लोन की किस्त और बैंक चार्ज जैसे डेबिट इस सुविधा के दायरे से बाहर रहेंगे।
हर डिजिटल ट्रांजैक्शन की सीमा तय करने का मिलेगा अधिकार
नए प्रस्तावों के तहत ग्राहक अपने डिजिटल पेमेंट पर पहले से ज्यादा नियंत्रण रख सकेंगे। वे तय कर पाएंगे कि एक बार में अधिकतम कितनी रकम भेजी जा सकती है।
इसके साथ ही किसी एक लाभार्थी को भुगतान की सीमा और एक दिन में किए जाने वाले कुल डिजिटल ट्रांजैक्शन की लिमिट भी निर्धारित की जा सकेगी। ग्राहक अलग-अलग पेमेंट चैनल को अपनी जरूरत के अनुसार सक्रिय या निष्क्रिय कर सकेंगे।
कार्ड से होने वाले भुगतान के लिए भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय इस्तेमाल की अलग-अलग सीमा तय करने का विकल्प प्रस्तावित है। ATM से पैसे निकालने ऑनलाइन पेमेंट कॉन्टैक्टलेस और पॉइंट ऑफ सेल ट्रांजैक्शन को अलग-अलग नियंत्रित करने की सुविधा भी मिल सकती है।
बड़ी रकम भेजने से पहले लेनी पड़ सकती है दूसरे व्यक्ति की मंजूरी
RBI के प्रस्ताव में Trusted Person Mechanism भी शामिल है। इसके तहत बैंक ग्राहक 18 साल या उससे अधिक उम्र के किसी भरोसेमंद व्यक्ति को नामित कर सकेंगे।
अगर ग्राहक की ओर से तय की गई सीमा से ज्यादा रकम का ट्रांजैक्शन किया जाता है तो नामित व्यक्ति को इसकी सूचना मिलेगी। उसे भुगतान को मंजूरी देने या अस्वीकार करने के लिए एक घंटे का समय दिया जाएगा।
अगर वह व्यक्ति भुगतान को मंजूरी नहीं देता या तय समय में कोई जवाब नहीं देता तो ट्रांजैक्शन रद्द हो जाएगा। यह सुविधा वैकल्पिक होगी और नामित व्यक्ति को ग्राहक के खाते का बैलेंस या अन्य बैंकिंग जानकारी देखने की अनुमति नहीं होगी।
बैंकों की लापरवाही पर भी तय होगी जवाबदेही
RBI के प्रस्ताव में सिर्फ ग्राहकों की सुरक्षा ही नहीं बल्कि बैंकों की जिम्मेदारी भी तय करने की बात है। अनिवार्य ट्रांजैक्शन अलर्ट नहीं भेजना मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन की व्यवस्था नहीं करना और 24 घंटे धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध नहीं कराना बैंक की लापरवाही मानी जा सकती है।
ऐसी स्थिति में बैंकों की जवाबदेही तय करने से जुड़े प्रावधान भी प्रस्तावित किए गए हैं।
दिसंबर तक मांगे गए सुझाव फिर तय होगा लागू करने का रास्ता
RBI ने इन प्रस्तावित बदलावों पर आम लोगों और संबंधित पक्षों से 14 दिसंबर 2026 तक सुझाव मांगे हैं। ड्राफ्ट को अंतिम रूप मिलने के बाद ज्यादातर सुरक्षा उपाय 1 जुलाई 2027 से या बैंकों की ओर से तय की गई इससे पहले की तारीख से लागू किए जा सकते हैं।
बैंक की लापरवाही से जुड़े प्रावधानों को 1 जनवरी 2027 से लागू करने का प्रस्ताव है। हालांकि अभी ये नियम अंतिम रूप से लागू नहीं हुए हैं। ग्राहकों को इन सुविधाओं का इस्तेमाल करने के लिए RBI के अंतिम दिशानिर्देश और बैंकों की ओर से जारी प्रक्रिया का इंतजार करना होगा।

