Showing 1 of 1

बाइक चालक को बचाने विधायक की कार हुई अनियंत्रित

0 आई मामूली चोटें कार चालक घायल

बाइक सवार को बचाने में गड्ढे में गिरी विधायक की कार, उमाकांत शर्मा घायल

भोपाल जाते समय निपानिया जाट के पास हुआ हादसा, विधायक और ड्राइवर को मामूली चोटें; अस्पताल में ऑब्जर्वेशन पर रखा

विदिशा/सिरोंज। सिरोंज विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा मंगलवार दोपहर सड़क हादसे में घायल हो गए। वे स्टाफ के साथ इनोवा कार से सिरोंज से भोपाल जा रहे थे। बैरसिया के आगे निपानिया जाट के पास पेट्रोल पंप के समीप अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसे में विधायक और कार चालक को मामूली चोटें आई हैं।

बाइक सवार को बचाने में बिगड़ा संतुलन

जानकारी के अनुसार विधायक उमाकांत शर्मा मंगलवार को अपने स्टाफ के साथ भोपाल के लिए रवाना हुए थे। निपानिया जाट के पास पेट्रोल पंप के सामने अचानक एक मोटरसाइकिल आ गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने कार को मोड़ा, इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया। कार सड़क से नीचे उतरकर पेट्रोल पंप की नाली को पार करते हुए पेड़-पौधों के बीच जाकर रुकी।

कार क्षतिग्रस्त, मौके पर जुटी भीड़

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और विधायक व कार में सवार लोगों की मदद की। दुर्घटना में इनोवा कार को काफी नुकसान पहुंचा है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर भी हलचल मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसा बड़ा होने के बावजूद किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

विधायक अस्पताल में ऑब्जर्वेशन पर

हादसे में विधायक उमाकांत शर्मा को मामूली चोटें आई हैं। एहतियात के तौर पर चिकित्सकों ने उन्हें भोपाल के एक निजी अस्पताल में ऑब्जर्वेशन में रखा है। वहीं कार चालक गोलू यादव को भी चोट आई है, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

परिवार ने दी जानकारी, अफवाहों से बचने की अपील

विधायक के परिवार के सदस्य सुदर्शन शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से हादसे की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ईश्वर की कृपा से विधायक सुरक्षित हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। साथ ही विधायक के जल्द स्वस्थ होकर लौटने की बात कही है।

  • User Ratings (1 Votes) 8.2

सिरोंज विधायक की कार हुई अनियंत्रित

Showing 1 of 1
Share.

Leave A Reply