दीपावली पर घरों में जल रहे दीपक और रोशनी का त्योहार मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के तीन परिवारों के लिए जिंदगी का सबसे काला दिन बन गया। कटनी, सिवनी और धाराशिव में अलग-अलग जगह आग लगने से 18 लोगों की मौत हो गई। कहीं क्रॉकरी की दुकान से उठी लपटों ने तीन मंजिला मकान को घेर लिया, तो कहीं सोते हुए परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इन घटनाओं ने त्योहार के बीच सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आगे पढ़ें पूरी खबर।

कटनी में आधी रात लगी आग, सुबह तक चला बचाव अभियान
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही कस्बे में दीपावली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में आग लग गई। दुकान के ऊपर बनी तीन मंजिला इमारत में परिवार के सदस्य मौजूद थे। देखते ही देखते आग ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई और अंदर फंसे लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
इस हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और दो माह के मासूम की मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने सुबह तक अभियान चलाया। एक बुजुर्ग को पहले बाहर निकाला गया, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को निकालने के लिए जेसीबी से दीवार तक तोड़नी पड़ी।
सिवनी में तड़के मकान बना आग का गोला
दूसरी घटना मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा कस्बे में हुई। महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सर्राफा कारोबारी कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में सोमवार तड़के करीब 4 बजे आग लग गई। उस समय घर में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे।
आग की चपेट में आने से कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी (65), ऋतु (42), स्मृति (40), सूर्या (45) और आदित्य (16) की मौत हो गई। चार अन्य लोगों को बचाकर बाहर निकाला गया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
महाराष्ट्र के धाराशिव में किराना दुकान से फैली आग
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में भी एक इमारत में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इमारत के निचले हिस्से में किराना दुकान और ऊपर परिवार का घर था। आग और धुएं ने देखते ही देखते पूरे परिसर को घेर लिया।
इस घटना में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। शुरुआती तौर पर घर में जलाए गए दीपों से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, जांच पूरी होने तक आग की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है।
तीनों घटनाओं में जांच जारी, सुरक्षा पर उठे सवाल
कटनी, सिवनी और धाराशिव में हुए इन हादसों में कुल 18 लोगों की जान चली गई। तीनों घटनाओं में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। कटनी में दमकल वाहनों की तकनीकी दिक्कतों के कारण बचाव अभियान में परेशानी आने की भी खबर है।
इन हादसों ने त्योहारों के दौरान घरों और दुकानों में अग्नि सुरक्षा, बिजली के उपकरणों और दमकल व्यवस्था की तैयारियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

