छठ महापर्व से पहले भोजपुरी संगीत जगत में भक्ति का रंग चढ़ने लगा है। इसी बीच मशहूर गायक उदित नारायण और लोकगायिका कल्पना पटवारी एक साथ नया छठ गीत लेकर आए हैं। ‘बरत छठ कईनी’ नाम के इस गाने में दोनों की आवाज का खूबसूरत मेल सुनने को मिल रहा है। वहीं, वीडियो में अभिनेत्री रक्षा गुप्ता छठ व्रती के पारंपरिक रूप में नजर आ रही हैं। नहाय-खाय से लेकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने तक की परंपराओं को गीत में खास अंदाज में पेश किया गया है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

उदित नारायण और कल्पना पटवारी की आवाज में नया छठ गीत
‘बरत छठ कईनी’ में उदित नारायण और कल्पना पटवारी ने अपनी आवाज दी है। गीत में दोनों के बीच सवाल-जवाब के अंदाज में बातचीत दिखाई गई है। उदित नारायण घर के पुरुष की चिंता और छठ व्रत की तैयारी को आवाज देते हैं, जबकि कल्पना पटवारी एक व्रती महिला के संकल्प और आस्था को अपने सुरों में बयां करती हैं।
गीत का घरेलू अंदाज इसे छठ की पारिवारिक परंपराओं से जोड़ता है। इसमें पति-पत्नी के संवाद के जरिए पर्व की तैयारियों और व्रत के महत्व को सामने लाया गया है।
रक्षा गुप्ता के पारंपरिक लुक ने खींचा ध्यान
गाने के वीडियो में अभिनेत्री रक्षा गुप्ता छठ व्रती की भूमिका में नजर आ रही हैं। पीली साड़ी, माथे पर लंबा सिंदूर और हाथ में सूप लिए उनका पारंपरिक रूप छठ पूजा के माहौल को दर्शाता है।
वीडियो में वह छठ की तैयारियों से लेकर नदी में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देने तक के दृश्य में दिखाई देती हैं। उनके लुक और अभिनय के जरिए ग्रामीण परिवेश में मनाए जाने वाले इस पर्व की झलक पेश की गई है।
नहाय-खाय से 36 घंटे के निर्जला व्रत तक का जिक्र
‘बरत छठ कईनी’ की खास बात यह है कि इसमें छठ पूजा के चार दिनों की परंपराओं को गीत के माध्यम से दिखाया गया है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इसके बाद खरना, 36 घंटे का निर्जला व्रत और छठ घाट पर पूजा की तैयारियों का जिक्र आता है।
गीत में व्रती महिलाओं की कठिन तपस्या, ठंडे पानी में खड़े होकर पूजा करने और शाम तथा सुबह सूर्य देव को अर्घ्य देने की परंपरा को भी शामिल किया गया है।
छठ के माहौल में भोजपुरी गीतों की बढ़ी रौनक
बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में छठ महापर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस पर्व में लोकगीतों की विशेष भूमिका होती है। छठी मैया और सूर्य देव की आराधना से जुड़े पारंपरिक गीत पीढ़ियों से इस महापर्व का हिस्सा रहे हैं।
उदित नारायण और कल्पना पटवारी का नया गीत भी इसी लोक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा को संगीत के जरिए सामने लाने की कोशिश है।

