कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज कराने वाले मरीजों के लिए दवाओं का खर्च बड़ी चुनौती होता है। अब इस खर्च को कम करने के लिए सरकार ने एंटी-कैंसर दवाओं की कीमतों पर लगाम लगाने का कदम उठाया है। 9 नवंबर से नई कीमतें लागू होने के बाद कई दवाएं पहले के मुकाबले काफी सस्ती हो गई हैं। 85 कंपनियों ने 1,364 दवा फॉर्मूलेशन की संशोधित कीमतें जारी की हैं। इनमें 679 ब्रांड्स की कीमतों में 50 फीसदी से ज्यादा की कमी दर्ज की गई है। आगे पढ़ें पूरी खबर।

दवाओं की कीमतों पर सरकार ने क्यों लगाया नियंत्रण?
कैंसर की कुछ दवाओं की कीमतों में निर्माता से लेकर मरीज तक पहुंचने के बीच काफी ज्यादा ट्रेड मार्जिन जुड़ जाता था। इससे मरीजों को दवाएं महंगी मिलती थीं। इसी समस्या को देखते हुए राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 17 अक्टूबर को 137 गैर-अनुसूचित एंटी-कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन की सीमा तय की थी।
नए नियम के तहत इन दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) पर ट्रेड मार्जिन 30 फीसदी तक सीमित किया गया है। इसका उद्देश्य दवाओं की कीमतों को कम करना और मरीजों को इलाज में आर्थिक राहत देना है।
1,364 फॉर्मूलेशन की कीमतें हुईं संशोधित
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के मुताबिक, 8 नवंबर तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 फॉर्मूलेशन की नई MRP की जानकारी दी थी। इनमें 679 ब्रांड्स की कीमतों में 50 फीसदी से अधिक की कटौती हुई है। सबसे ज्यादा कमी 96.45 फीसदी दर्ज की गई है।
सरकार का अनुमान है कि इस फैसले से मरीजों और उपभोक्ताओं को सालाना करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत हो सकती है।
इन कैंसर दवाओं के नए रेट से समझें राहत
सरकार की ओर से जारी आंकड़ों में कई दवाओं की पुरानी और संशोधित कीमतों का अंतर सामने आया है।
– Bryxta (Bevacizumab 100 MG): कीमत 25,995 रुपये से घटकर 3,318 रुपये हुई।
– BevaciRel (Bevacizumab 100 MG): कीमत 24,079 रुपये से घटकर 3,985 रुपये हुई।
– CIZUMAB (Bevacizumab 100 MG): कीमत 15,658 रुपये से घटकर 3,103 रुपये हुई।
– ReliTrexed (Pemetrexed 500 MG): कीमत 9,977 रुपये से घटकर 1,113 रुपये हुई।
– DenOsteoRel (Denosumab 60 MG): कीमत 24,955 रुपये से घटकर 6,240 रुपये हुई।
ध्यान दें कि ये कीमतें खास ब्रांड और निर्धारित पैक की हैं। एक ही दवा के अलग-अलग ब्रांड की MRP अलग हो सकती है।
किन कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होती हैं ये दवाएं?
कीमतों में संशोधन के दायरे में शामिल दवाओं का इस्तेमाल कई तरह के कैंसर के उपचार में होता है। Bevacizumab का उपयोग फेफड़े, कोलन, ओवरी और सर्वाइकल कैंसर के इलाज में किया जाता है। Denosumab का इस्तेमाल ब्रेस्ट और प्रोस्टेट कैंसर के कुछ मरीजों में हड्डियों से जुड़ी समस्याओं को रोकने के लिए होता है।
इसके अलावा सूची में इम्यूनोथेरेपी से जुड़ी दवाएं और कैंसर मरीजों में न्यूट्रोपीनिया से बचाव के लिए इस्तेमाल होने वाली Pegfilgrastim भी शामिल हैं।
नई कीमत कैसे चेक करें और ज्यादा पैसे वसूले जाएं तो क्या करें?
मरीज दवा के पैक पर छपी संशोधित MRP देख सकते हैं। इसके अलावा NPPA की वेबसाइट और Pharma Sahi Daam मोबाइल ऐप पर भी दवाओं की कीमत जांची जा सकती है।
दवा खरीदते समय उसका ब्रांड, कंपोजिशन, मात्रा और पैक साइज जरूर मिलाएं। दुकानदार, अस्पताल या मेडिकल स्टोर नई लागू MRP से ज्यादा कीमत नहीं वसूल सकते। अधिक कीमत वसूले जाने पर NPPA की हेल्पलाइन 1800-11-1255 पर शिकायत की जा सकती है।
हर दवा पर एक जैसी कटौती नहीं
यह बदलाव 137 चिन्हित गैर-अनुसूचित एंटी-कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन नियंत्रण से जुड़ा है। इसका मतलब यह नहीं है कि बाजार में उपलब्ध हर कैंसर दवा की कीमत समान अनुपात में घट गई है। कुछ ब्रांड्स में कटौती ज्यादा है, जबकि अलग-अलग ब्रांड और दवा फॉर्मूलेशन की कीमतों में अंतर बना रह सकता है।

