बेंगलुरु: यूट्यूबर और राजनीतिक टिप्पणीकार ध्रुव राठी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भारत पहुंच गए हैं। ध्रुव राठी 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में होने वाले प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। CJP की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने ध्रुव राठी के प्रदर्शन में शामिल होने की जानकारी साझा की थी। इसके बाद ध्रुव राठी ने भी सोशल मीडिया के जरिए बेंगलुरु पहुंचने और प्रदर्शन में शामिल होने की पुष्टि की। इस प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज समेत कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।
SIR के खिलाफ प्रदर्शन
यह प्रदर्शन मुख्य रूप से Special Intensive Revision (SIR) यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शन के आयोजकों का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। CJP और उससे जुड़े समूह चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
CJP की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई जा रही है। संगठन का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। वहीं, निर्वाचन आयोग की ओर से किसी भी तरह की गड़बड़ी के आरोपों से इनकार किया गया है।
ध्रुव राठी ने लोगों से की प्रदर्शन में पहुंचने की अपील
ध्रुव राठी ने अपने संदेश में लोगों से बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने इसे लोकतंत्र से जुड़ी लड़ाई बताते हुए 8 अक्टूबर को बेंगलुरु और 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले कार्यक्रमों का जिक्र किया।
ध्रुव राठी के इस प्रदर्शन में शामिल होने की खबर के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा तेज हो गई है। CJP की ओर से ध्रुव राठी को इस कार्यक्रम का विशेष अतिथि बताया गया है। अभिनेता प्रकाश राज ने भी एक वीडियो के जरिए राठी की बेंगलुरु में मौजूदगी की जानकारी दी और लोगों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की।
10 अक्टूबर को दिल्ली में भी प्रदर्शन
बेंगलुरु के बाद CJP और विभिन्न छात्र संगठनों की ओर से 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी बड़ा प्रदर्शन प्रस्तावित है। इस प्रदर्शन में भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाने की तैयारी है। आयोजकों ने इसे व्यापक नागरिक और छात्र आंदोलन का रूप देने की बात कही है।
ध्रुव राठी के बेंगलुरु पहुंचने और CJP के प्रदर्शन में शामिल होने से यह विरोध प्रदर्शन और ज्यादा सुर्खियों में आ गया है। अब सभी की नजरें 8 अक्टूबर को फ्रीडम पार्क में होने वाले प्रदर्शन पर टिकी हैं।

